- शिकायतों के समाधान में लापरवाही पर सीएम सख्त, 70 प्रतिशत असंतुष्ट
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन और संपूर्ण समाधान दिवस की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर सख्त रुख अख्तियार किया है। यह लापरवाही मुख्य रूप से ललितपुर, देवरिया, भदोही, गोंडा, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, आजमगढ़ और मिर्जापुर जिलों में मिली है। सीएम ने ऐसे जिलों के डीएम, एसएसपी और एसपी की रिपोर्ट तलब की है। रिपोर्ट मिलते लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
सीएम योगी ने कुछ दिन पहले एक उच्चस्तरीय बैठक में आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन और संपूर्ण समाधान दिवस की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने लापरवाह अधिकारियों की रिपोर्ट तलब करने के निर्देश भी दिए थे। इस पर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने हाल ही में आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन और संपूर्ण समाधान दिवस की शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने अपनी जांच में पाया कि 1 सितंबर से 25 सितंबर के बीच आईं शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश के कई जिलों का प्रदर्शन ठीक नहीं है। इन जिलों के शिकायतकर्ताओं ने अपनी शिकायत के निस्तारण पर 70 प्रतिशत तक असंतोष जाहिर किया है।