संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर । गेहूं क्रय केंद्रों के नोडल अधिकारी एवं पीसीएफ के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रभूषण ने बुधवार को जिले का दौरा कर अमरपुर मंडी स्थित क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद की प्रगति का जायजा लिया और केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं के साथ वारदाना की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी केंद्रों पर गेहूं खरीद बढ़ाने, नियमित उठान सुनिश्चित करने और किसानों को समय से भुगतान करने के निर्देश दिए।
जिले में सरकारी गेहूं खरीद के लिए जिलाधिकारी ने विभिन्न एजेंसियों को 52 क्रय केंद्र खोलने की स्वीकृति दी है, जिनमें से वर्तमान में 48 केंद्रों पर खरीद जारी है। अब तक जिले में करीब 1.92 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। शासन ने जिले के लिए 69 हजार मीट्रिक टन (6.90 लाख क्विंटल) गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। बेहतर उत्पादन को देखते हुए इस वर्ष लक्ष्य के करीब खरीद होने की संभावना जताई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान डॉ. चंद्रभूषण ने आरएफसी, एफसीआई और पीसीएफ के क्रय केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र प्रभारियों से खरीद में आ रही दिक्कतों की जानकारी ली और वारदाना की उपलब्धता, मशीनों की कार्यस्थिति तथा किसानों के लिए पेयजल, छाया जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर पहुंचे किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। कुछ किसानों ने तौल में देरी की शिकायत की, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी केंद्रों पर लक्ष्य के अनुरूप खरीद बढ़ाई जाए, भुगतान में देरी न हो और समय से उठान सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, आरएफसी झांसी संजीव कुमार, जिला खाद्य विपणन अधिकारी चामुंडा प्रसाद पांडेय, क्षेत्रीय प्रबंधक पीसीएफ तथा एआर को-ऑपरेटिव अर्विन मेहर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।