मंडल रेल प्रबंधक ने की समीक्षा, दिए संचालन और सुरक्षा संबंधी निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जाखलौन रेलवे स्टेशन पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली की कमीशनिंग का कार्य पूरा हो गया है। शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने स्टेशन पहुंचकर यार्ड में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य का निरीक्षण किया और परियोजना की समीक्षा की।
स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग के तहत पूर्व में स्थापित पैनल इंटरलॉकिंग प्रणाली को हटाकर केंद्रीकृत इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली स्थापित की गई है। नई प्रणाली के माध्यम से ट्रेन संचालन अब अधिक सरल, तेज और सुरक्षित होगा।
इस प्रणाली में कुल 32 पॉइंट मशीनें, 32 मुख्य सिग्नल, 3 कॉलिंग-ऑन सिग्नल, 109 रूट और 71 डीसी ट्रैक सर्किट जोड़े गए हैं। इसके अलावा 10 डिपेंडेंट शंट सिग्नल और 12 इंडिपेंडेंट शंट सिग्नल भी इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग के माध्यम से नियंत्रित होंगे। डबल वीडीयू आधारित नियंत्रण प्रणाली, ऑनलाइन डेटा लॉगर और ब्लॉक संचालन के लिए ब्लॉक पैनल भी लगाए गए हैं। सुरक्षा को बढ़ाने के लिए स्टैटकॉन आईपीएस, मेंटेनेंस वीडीयू ए क्लास प्रोटेक्शन और रिंग अर्थिंग जैसी उन्नत व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
-
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बताया किइस प्रणाली से जाखलौन स्टेशन पर ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित, सुचारू और विश्वसनीय होगा। यार्ड रिमॉडलिंग और तीसरी लाइन के विकास से रेल यातायात की क्षमता में भी वृद्धि होगी।
-
यात्री सुविधाओं का निरीक्षण
इसके अलावा मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित ललितपुर स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्टेशन के आने-जाने के मार्ग, सर्कुलेटिंग एरिया और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समुचित सुधार और रखरखाव के लिए आवश्यक निर्देश दिए।