ललितपुर। थाना सोजना अंतर्गत ग्राम बूढ़ी निवासी पुष्पेंद्र पुत्र सुरेश कुमार अहिरवार मंगलवार शाम को खेत पर खेल रहा था। इस दौरान झाड़ियों में निकले सर्प ने डस लिया। उसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना सोजना के ग्राम बूढ़ी निवासी पुष्पेंद्र (08) पुत्र सुरेश कुमार कुशवाहा मंगलवार को अपने माता पिता के साथ खेत पर था। उसके माता पिता खेत पर फसल की रखवाली कर रहे थे, जबकि पुष्पेंद्र झाड़ियों के पास खेल रहा था। तभी अचानक झाड़ियों से निकले सर्प ने उसे कान के पास डस लिया। वह चीखने चिल्लाने लगा। बेटे की आवाज सुनकर उसके माता पिता उसके पास गए तो एक सांप उसके ट्यूबवेल वाले कमरे में घुसता दिखाई दिया। जिस पर वह बेटे को लेकर गांव में गए और लोगों को बताया। लोगों और अन्य परिजनों ने उसे टीकमगढ़ के पास स्थित बगाज माता मंदिर में झाड़-फूंक कराने की सलाह दी। जिस पर परिजन उसे बगाज माता मंदिर ले गए। जहां झाड़-फूंक कराने के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। हालत अधिक बिगड़ने पर वह उसे महरौनी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक पुष्पेंद्र की एक छोटी बहन है और उसके माता पिता के पास मात्र एक एकड़ जमीन है।