ललितपुर। थाना नाराहट अंतर्गत गांव सरखड़ी के पास हाईवे पर कार में बैठ रहे एक फौजी को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद डाला। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी पर थाना नाराहट पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फौजी भिंड से छत्तीसगढ़ 17 बटालियन में ड्यूटी पर वापस जा रहा था।
मध्य प्रदेश के भिंड के थाना कोरमी के कस्बा कोरमी निवासी विवेक समाधिया (40) पुत्र बृजमोहन समाधिया छत्तीसगढ़ राज्य के 17 बटालियन में चालक के पद पर तैनात था। वह पत्नी निशा और चार वर्षीय बेटी प्रांसी के साथ मंगलवार शाम को घर से छत्तीसगढ़ स्थित बटालियन में ड्यूूटी ज्वाइन करने के लिए जा रहा था। मंगलवार करीब दो बजे जब उसकी कार थाना नाराहट क्षेत्र के गांव सरखड़ी के पास हाईवे पर पंक्चर हो गई। जिस पर उसने सड़क किनारे कार खड़ी करके स्टेपनी निकालकर पहिया बदला और सीट पर बैठने के लिए कार का गेट खोला। तभी अचानक पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक कार के गेट के नजदीक से गुजरते हुए फौजी को रौंदता हुआ निकल गया। यह देख कार में बैठी उसकी पत्नी चीखने चिल्लाने लगी। कार से उतरकर उधर से गुजर रहे वाहनों में सवार लोगों से मदद मांगी लेकिन कोई मदद के लिए नहीं रुका। इस घटना में फौजी विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी ने भिंड और ग्वालियर में परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी। इधर, जानकारी पर थाना नाराहट पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी निशा ने बताया कि उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उनकी एक बेटी है।