तालबेहट। इन दिनों तालबेहट और पूराकलां क्षेत्र अवैध खनन का गढ़ बना हुआ है। प्रतिदिन डंपर और ट्रैक्टर अवैध रूप से बालू ले जा रहे हैं। इस समय थाना पूराकलां क्षेत्र में ग्राम विजयपुरा, पूराकलां पठारी, बलरगुवा, सारसेड़, धमना, कंधारीकलां, कंधारी खुर्द, गेवरागुंदेरा आदि गांवों में धरती का सीना चीरकर काला सोना बनाने का काला कारोबार बदस्तूर जारी है। इसकी जानकारी होने के बावजूद इन लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कुछ लोगों के माध्यम से पूरे क्षेत्र में यह कारोबार फलफूल रहा है। पिछले दिनों क्षेत्र के राजा प्रताप ने नत्थीखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी पर हमला कर दिया था, जिस पर तीन लोगों पर मुकदमा भी दर्ज हुआ था। इसी तरह तालबेहट क्षेत्र में ग्राम सुनौरी, सरखड़ी, वर्मा बिहार, कड़ेसराकलां, पवा, थानागांव, रजावन, गुलेंदा आदि में भी शाम होते ही अवैध खनन शुरू हो जाता है और रात भर जारी रहता है।
तालबेहट में एक पंजीकृत खनन माफिया
कोतवाली में दर्ज रिकार्ड के आधार पर इस समय मात्र गनेशपुरा खांदी निवासी अजय उर्फ अज्जू अहिरवार ही खनन माफिया के रूप में पंजीकृत है। जबकि, वह पिछले कई वर्षों से तालबेहट से बाहर निवास करने लगा है।
पांच माह में 10 मामले कोतवाली में दर्ज
तालबेहट कोतवाली में पिछले पांच महीने में अवैध खनन के 10 मामले दर्ज हुए हैं। इसमें सात जून को बनगुुवाकलां निवासी करन, 11 जून को बादाम राजपूत, 14 जून व 08 अगस्त को अज्ञात पर, 10 अगस्त को गजेंद्र तरगुवां और बरकत अली निवासी एरच झांसी, 14 अगस्त को दो अज्ञात पर, 18 अगस्त को रामजी उर्फ बब्बू निवासी सुनौरी व दो अन्य पर एवं आठ नवंबर का रामसिंह निवासी ग्राम खैरा सुनौरी पर मुकदमा दर्ज किया गया।
तालबेहट। ग्राम म्यांव निवासी हरीराम पुत्र हीरा लोधी ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर समीपस्थ गांव बैदोरा के कुछ लोगों पर जबरन उसके खेत पर आकर बालू के लिए खेत की मिट्टी भर कर ले जाने का आरोप लगाया, जिससे उसकी फसल नष्ट हो गई। उसने जब इसका विरोध किया तो वह लड़ने पर आमादा हो गए। उसने पूरे मामले की जांच करा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। यदि खनन हो रहा है तो खनिज इंस्पेक्टर को निर्देश दिए जाएंगे और मौके पर जाकर कार्रवाई की जाएगी। कुछ क्षेत्र वन विभाग की सीमा में हैं, इस कारण कार्रवाई में दिक्कत आती है।
- नवीन कुमार दास, क्षेत्रीय/जिला खान अधिकारी