ललितपुर। थाना नाराहट के अंतर्गत ग्राम गौना में 20 दिन पहले हाईवे पर सड़क दुर्घटना में घायल एक ग्रामीण की उपचार के दौरान मौत हो गई। ग्रामीण और उसकी पत्नी हाईवे पार करने के लिए सड़क किनारे खड़े थे कि कार ने दोनों को टक्कर मार दी थी, जिसमें दोनों गंभीर घायल हो गए थे।
ग्राम गौना निवासी भैय्यन कुशवाहा (34) पुत्र रत्तू कुशवाहा बीते माह 22 नवंबर को गांव में हाईवे पार करने के लिए अपनी पत्नी पार्वती उर्फ हल्की बहू (32) के साथ सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान सागर की ओर से आ रही कार ने उन दोनों को टक्कर मार दी। जिससे वह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेस से दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां भैय्यन की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी और फिर वहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। जबकि पत्नी का उपचार जिला चिकित्सालय ललितपुर में ही किया गया। ग्वालियर में भी भैय्यन की हालत में सुधार नहीं होने पर बीते पांच दिसंबर को परिजन उसे चिकित्सकों की सलाह पर घर वापस ले आए। रविवार को सुबह उसकी हालत फिर से बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई मुुन्नालाल ने बताया कि मृतक की पुत्रियां और दो पुत्र हैं। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी करता था। उसके पास करीब तीस डेसीमिल जमीन है, वह सब्जी भी लगा लेता था।