ललितपुर। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की पहल पर नगर पालिका क्षेत्र में करीब 2.90 करोड़ की लागत से 35 कुओं का जीर्णोद्धार कराया गया है। ऐसे में 35 वर्षों से बंद पड़े कुओं में पानी आने से लोगों की पेयजल आपूर्ति का सहारा बन गए हैं।
जिन इलाकों में पानी का अधिक संकट था, वहां के पांच कुओं में सोलर पंप लगाकर करीब 1500 आबादी को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोलर पंप से इन मोहल्लों में जरूरत के अनुसार पानी मिल रहा है, जिससे आए दिन होने वाली पानी की किल्लत दूर हो गई है। कुआं व बाबड़ी की सुंदरता बढ़ाने के लिए चित्र बनाए गए हैं। इसमें जल संरक्षण की जागरुकता के स्लोगन भी लिखे गए हैं।
-
भदइनपुरा में सोलर पंप बना सहारा
नगर पालिका के वार्ड दो में मोहल्ला भदइयनपुरा स्थित बड़ाकुआ में 9.35 लाख रुपये से मरम्मत कर जीर्णोद्धार कराया है। इसमें सोलर पंप लगाकर दो स्टैंड पोस्ट नल लगाए गए हैं। इसमें पर्याप्त पानी होने से दिन भर पानी मिल रहा है। इससे करीब 75 परिवारों को पानी की सुविधा हो गई है।
-
आंबेडकर नगर कुआं से मिल रहा 60 परिवारों को पानी
आंबेडकर नगर कुआं जीर्ण-शीर्ण हालत में पड़ा था। इसकी मरम्मत 9.20 लाख रुपये से कराई गई है। इसमें पर्याप्त पानी होने पर नगर पालिका ने सोलर पंप लगवा दिया है। अब कुआं 60 परिवारों के लिए पानी का सहारा बना हुआ है।
-
चौबयाना में मुहैया हो रहा पानी
वार्ड 25 चौबयाना में खारा कुआं मलवा व मिट्टी से भरने की स्थिति में आ गया था। कुएं का जीर्णोद्धार कर इसमें बोर कराकर सोलर पंप व स्टैंड पोस्ट नल लगा दिए गए हैं। इससे मोहल्ला के लगभग 50 परिवारों का पानी का संकट दूर हो गया है।
-
मलईया मंदिर के सोलर पंप से दूर हुई पानी की समस्या
वार्ड 25 चौबयाना में मलईया मंदिर के पास कुआं का जीर्णोद्धार करीब नौ लाख रुपये से कराया गया है। कुआं सफाई कराकर ढक दिया और सोलर पंप भी लगा दिया गया है। इससे सड़क किनारे स्टैंड पोस्ट नल से करीब 50 परिवार लोग उपयोग के लिए पानी ले रहे हैं। साथ ही मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी पानी मिल रहा है।
-
सिद्दन मंदिर पर हुई पानी की सुविधा
वार्ड एक सिद्दनपुरा में सिद्दन मंदिर परिसर में कुआं का जीर्णोद्धार कर इसमें समरसेबिल डालकर पानी निकाला जा रहा है। साथ ही पानी की टंकी का निर्माण भी किया गया है। इससे लोगों को पानी की सुविधा हो गई है। साथ ही मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को हाथ-पांव धोने के लिए पानी मुहैया कराया जा रहा है।
-
अमर उजाला ने उठाया था मुद्दा
अमर उजाला ने शहर के वार्डों में पानी की समस्या को उठाते हुए वर्षों से बंद पड़े प्राचीन कुओं व बाबड़ी को भी प्रकाशित किया था। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कुआं व बावड़ी का निरीक्षण कर उनके जीर्णोद्धार कराने के निर्देश नगर पालिका प्रशासन को दिए। डीएम के निर्देश पर पालिका प्रशासन ने 15वें वित्त की धनराशि से कुआं व बावड़ी का जीर्णोद्धार कार्य शुरू कर दिया। कुआं और बावड़ी के जीर्णोद्धार के बाद उनकी बाउंड्री पर पेंटिंग बनवार इन्हें आकर्षक रूप दिया गया। यही वजह है कि आज शहर के 35 कुआं व दो बाबड़ियों में पानी उपलब्ध हो गया।
-
दो बावड़ी व एक कुआं से जल्द मिलेगा 12 हजार की आबादी को पानी
शहर के खिरकापुरा स्थित बाखर कुआं व चौहान बावड़ी और वार्ड 26 की रावर बावड़ी का जीर्णोद्धार कराया गया है। अब जल्द ही यह एक कुआं व दोनों बावड़ी लगभग 12 हजार की आबादी को पाइप लाइन से पानी मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका परिषद एक करोड़ रुपये की राशि खर्च करेगा। पालिका प्रशासन द्वारा टेंडर प्रक्रिया कराई जा रही है।
-
शहर में कुओं के जीर्णोद्धार के बाद पानी की किल्लत वाले क्षेत्रों में सोलर पंप लगाकर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 1500 की आबादी को पानी मुहैया कराया जा रहा है। जल्द ही अन्य कुआं व बावड़ी से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।- दिनेश कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद
-