एरच। गोशाला का निरीक्षण करने जा रहे ग्राम विकास अधिकारी के साथ अभद्रता करने के साथ सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी दस्तावेज फाड़ने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
विकासखंड बामौर में कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी महीपत सिंह निरजंन ने पुलिस को लिखित शिकायत पत्र देते हुए बताया कि वह ग्राम पंचायत गेंदाकबला में कार्यरत है। वह बुधवार सुबह ग्राम पंचायत गेंदाकबूला में स्थित गोशाला का निरीक्षण करने के लिए जा रहे थे, एरच-बेंदा रोड पर एरच के निकट खड़े थे। वहा पर बाइक सवार एक वयक्ति ने आकर ग्राम विकास अधिकारी से जानकारी ली तो अधिकारी ने बताया कि वह ग्राम पंचायत गेंदाकबूला गोशाला का निरीक्षण करने जा रहे हैं। इस बात को लेकर उसने अधिकारी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया तो अधिकारी के द्वारा मना करने पर उसने अपने भाई को बुलाकर के अधिकारी के हाथ में मौजूद सरकारी कागजात छीन कर फाड़ दिए। शिकायत करने पर दोनों ने अधिकारी को मारपीट एवं जान से मारने की धमकी दी। उक्त घटना पर खंड विकास अधिकारी बामौर ने प्रशासन से कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। उधर, घटना को लेकर थानाध्यक्ष नीलेश कुमारी का कहना है कि घटना के संबंध में शिकायत पत्र दिया गया है, उसकी जांच कराई जा रही है। मामला सही पाए जाने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।