ललितपुर। उप जिलाधिकारी मड़ावरा ने कस्बा मड़ावरा स्थित खाद की दुकानों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान घटतौली की पुष्टि होने पर उन्होंने एक दुकान समेत दो गोदामों को सील कर दिया। कार्रवाई से खाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अनेक दुकानदार दुकानों के शटर गिरा कर मौके से चले गए।
एसडीएम सुरेश पाल से किसानों ने खाद की घटतौली की शिकायत की। इस पर उन्होंने आशीष जैन की दुकान पर जांच की। खाद की बोरियों की तौल कराने पर उनका वजन उन्चास किलो सौ ग्राम तथा कई बोरियों का वजन पचास किलो निकला। जिस कृषक ने शिकायत की थी, उसकी बोरी का वजन बयालीस किलो छह सौ ग्राम निकला।
जांच के दौरान दुकानदार खाद बिक्री का लाइसेंस व स्टाक रजिस्टर नहीं दिखा सका। इसके बाद उन्होंने पेट्रोल पंप के पास के गोदाम व रनगावं रोड से पहले स्थित गोदाम खुलवाया, इनमें रखी खाद की बोरियों की तौल कराई गई, अनेक बोरियों में कम खाद निकली। इस पर उन्होंने दुकान सहित दोनों गोदामों को सील कर दिया। दुकान व दोनों गोदामों में करीब 1200 बोरियां यूरिया व डीएपी खाद की पाई गईं। एक अन्य दुुकान पर भी छापा मारा गया।
यहां करीब दो हजार बोरियां पाई गई, जिनमें करीब तेरह सौ बोरियां डीएपी व शेष यूरिया की थी। यहां भी बोरियों की तुलाई कराई गई, जिसमें तौल सही पाई गई। इसके अलावा खाद का लाइसेंस भी था। इस कार्रवाई से दूसरे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। उन्होंने दुकानों के शटर गिरा दिए। उप जिलाधिकारी सुरेश पाल का कहना है कि खाद दुकानदारों को बिक्री में मनमानी नहीं करने दी जाएगी। इस तरह की आगे भी छापामार कार्रवाई जारी रहेगी।