ललितपुर। शिक्षक भर्ती के नाम पर एक एजूकेशनल सोसायटी बनाकर छात्रों से रुपये हड़पने के मामले में अभ्यर्थियों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में छात्रों ने बताया कि यहां के ही एक व्यक्ति ने फर्जी कंपनी बनाकर हम लोगों को शिक्षक बनाने का झांसा देकर 20 और 30 हजार रुपये एक संस्था के नाम जमा करवा लिए। इसके बाद झांसा देते हुए सभी से अक्तूबर महीने से विभिन्न शिक्षण संस्थानों पर कार्य करवाया गया। इस दौरान हम लोगों को बताया गया कि पहली वेतन के साथ जमा किया गया रुपया भी वापस आ जाएगा। काफी समय बीत जाने के बाद भी हम लोगों को न तो वेतन दिया गया और न ही जमा किया गया रुपया मिला। अभ्यर्थियों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर फर्जी कंपनी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और रुपये वापस दिलवाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में प्रीति कुशवाहा, पूनम कुशवाहा, कृष्णा यादव, रामप्रसाद सेन, विमला, संजीव, मोहिनी, प्रवेश, संजीव नामदेव, जितेंद्र यादव मौजूद रहे।