ललितपुर। थाना सौजना क्षेत्र में तीन दिन पहले सास की हत्या के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बहू को जेल भेज दिया। इस मामले में बहू के साथ अन्य परिजन भी पुलिस के निशाने पर आ गए हैं। पुलिस आरोपी बहू शोभा से पूछताछ में हुए खुलासे के बाद अन्य परिजनों को भी पूछताछ के लिए बुलाएगी।
थाना सौजना क्षेत्र के ग्राम गुढ़ा निवासी भागवती (64) पत्नी रमला बुनकर का शव खून से लथपथ अवस्था में घर में पड़ा मिला था। पुलिस ने मृतका की छोटी बहू शोभा के कमरे से खून से सनी साड़ी एवं खून लगी कुल्हाड़ी व हत्या करने में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया था। मृतका की छोटी बहू ने जुुर्म भी कुबूल कर लिया था। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है।
वहीं बहू ने पुलिस को बताया था कि उसका पति एक मामले में जेल में बंद है और जिसने उसके पति को जेल भिजवाया, उसे फंसाने के लिए जेल में मिलने के दौरान पति के कहने पर उसने हत्या की साजिश रची थी। अब छानबीन के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं। बहू ने भी पूछताछ में अन्य परिजनों के बारे में काफी कुछ खुलासा किया है। ऐसे में पुलिस वृद्धा की हत्या में अन्य परिजनों को भी आरोपी बना सकती है।
आरोपी बहू अपने पति के कहने पर सास की हत्या की बात स्वीकारी थी और इसमें महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद हुए थे। मामले में जांच की जा रही है। आरोपी महिला एवं उसके पति के बयान लिए जाएंगे। जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई जाएगी।
-रक्षपाल सिंह, सीओ महरौनी।