ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम पारा में एक खेत में खैर की लकड़ी का अवैध कटान करने एवं भंडारण के मामले में पुलिस ने वन रक्षक की तहरीर पर छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
माताटीला वनरक्षक हरीप्रसाद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते रोज ग्राम वादीवर में गजराज के खेत में बने कुआं के पास थाना तालबेहट के ग्राम पारा निवासी छोटू पुत्र गजराज सिंह, अमान पुत्र गजराज, यादवेंद्र पुत्र जगदीश, सुजान पुत्र रामप्रसाद, राजपाल पुत्र शिवराज एवं ओमप्रकाश पुत्र शिवराज द्वारा करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की खैर की लकड़ी को काटकर अवैध रुप से भंडारण करके रखा गया था। जानकारी मिलने पर छापा मारकर अवैध रुप से रखी गई लकड़ी को गजराज के खेत से बरामद किया गया। वन रक्षक की तहरीर पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।