तालबेहट। बुधवार को उप निदेशक कृषि हंसराज और तहसीलदार तालबेहट सौरभ पांडेय ने नगर के लगभग एक दर्जन उर्वरक विक्रेताओं की दुकान पर छापामार कर उर्वरक की उपलब्धता और गुणवत्ता देखी। टीम ने एक दौरान एक दुकान से उर्वरक का नमूना लिया। वहीं, एक दुकान संचालक टीम के आने की खबर के बाद मौके से दुकान बंद करके भाग गया। नगर में नकली खाद और बीज की बिक्री पर रोक लगाने के लिए बुधवार को डीएम मानवेंद्र सिंह के निर्देश पर उप निदेशक कृषि हंसराज ने तहसीलदार तालबेहट सौरभ पांडेय के साथ नगर के उर्वरक एवं बीज विक्रेताओं के यहां उनकी जांच की। अधिकारियों को दुकानों में उर्वरक की मात्रा काफी कम मिली। कहीं-कही बीज भी नहीं मिला। अधिकारियों ने एक दुकान से उर्वरक का नमूना भी लिया और उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। वहीं, टीम के आने से एक दुकान संचालक दुुकान बंद करके भाग गया। जिस पर उप निदेशक ने बताया कि उस दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दुकान पर चल रही यह छापामार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। किसी भी दशा में जनपद में नकली खाद और बीज की बिक्री नहीं होने दी जाएगी।