ललितपुर। शहर में धड़ल्ले से हो रही अवैध प्लॉटिंग विनियमित क्षेत्र प्राधिकरण की नजर में आ गई है। ऐसे लोगों से एक सप्ताह के अंदर सभी औपचारिकताएं पूर्ण कराते हुए अवैध निर्माण को विनियमित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर में हरित पट्टी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवैध प्लॉटिंग की जा रही है। बीते दिनों उप जिलाधिकारी सदर केके सिंह ने राजघाट रोड पर 11 ऐसे निर्माण कार्य पकड़े थे, जो बगैर नक्शा स्वीकृत कराए मकान बना रहे थे। इस पर उन्होंने निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी थी। इसके अलावा भी कई क्षेत्रों में अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। इसे लेकर नियंत्रक प्राधिकारी ने सूचना जारी की है, जिसमें कहा गया कि विनियमित क्षेत्र के अंतर्गत किए जा रहे अवैध निर्माण/ अवैध प्लाटिंग करने वाले एक सप्ताह के अंदर अपने-अपने अवैध निर्माण विनियमित कराने के लिए औपचारिकताएं पूरी कर लें। विनियमित क्षेत्र कार्यालय में अपना आवेदन प्रस्तुत कर दें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
----
लाखों में खेल रहे अवैध कॉलोनाइजर
अवैध कॉलोनाइजर कॉलोनी काटने व प्लॉट बेचने के नाम पर लाखों का खेल कर रहे हैं। कॉलोनाइजर जगह-जगह सस्ते दामों में जमीन खरीद रहे हैं। ऐसे लोग प्रशासन की नजर में आने से बचने के लिए भू- मालिक से कुछ किस्तों में अनुबंध कर रहे हैं। जब खरीदार से प्लॉट का सौदा हो जाता है तो कॉलोनाइजर उनसे प्लॉट की रजिस्ट्री करा लेते हैं। इससे कॉलोनाइजर नाली, खड़ंजा और बिजली के खंभे जैसी सुविधाएं देने की जिम्मेदारी से बच निकलते हैं।