ललितपुर। जिले भर में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान 2213 लीटर अवैध शराब जब्त की गई और 50 हजार लीटर लहन नष्ट किया गया। दूसरी ओर, शासन ने अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अब एसडीएम एवं सीओ को जिम्मेदार बनाया है। यदि अवैध शराब की बिक्री हुई तो इन्हें जिम्मेदार मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।
तमाम प्रयासों के बाद भी अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के एसडीएम और सीओ को जिम्मेदार बनाया गया है। इसके तहत एसडीएम व सीओ के नेतृत्व में अवैध शराब के अड्डों पर छापेमारी की जाएगी। वर्तमान में अवैध शराब पर कार्रवाई में सिर्फ औपचारिकता निभाई जाती है। मसलन, कहीं सौ लीटर, 50 लीटर तो कहीं लहन नष्ट कर दिया जाता है। शराब के अड्डे बदस्तूर चलते रहते हैं। ऐसी स्थिति कई वर्षों से बनी हुई है।
अवैध शराब के कारोबारी कार्रवाई से बचने के लिए बच्चों से बिक्री कराते रहते हैं। जिन बच्चों को विद्यालयों में शिक्षा लेने के लिए कलम हाथ में होना चाहिए, उनके हाथों में शराब की थैली थमा कर बिक्री कराई जाती है। ऐसे में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई होने के बाद भी इस पर प्रतिबंध नहीं लग सका है। अब मुख्यमंत्री ने एसडीएम व सीओ को जिम्मेदारी दी है। जो अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
लॉकडाउन को बनाया कमाई का जरिया
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन चल रहा है। ऐसे में शराब की दुकानों को भी बंद किया गया है। इसके चलते अवैध कारोबारियों ने शराब का स्टॉक कर लिया है और महंगे दामों में चोरी छिपे बेच रहे हैं।
जब्त की गई दो हजार लीटर अवैध शराब
जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने लॉकडाउन में अवैध शराब बिक्री और स्टॉक करके शराब बेचने के मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस पर आबकारी व पुलिस विभाग ने जिले में अवैध शराब बिक्री के अड्डों पर छापेमारी कर 2213 लीटर अवैध शराब बरामद कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। शहर कोतवाली क्षेत्र में सबसे अधिक शराब जब्त की गई है। यहां पर 1745 लीटर अवैध शराब व शराब बनाने के उपकरण जब्त किए हैं। इसी प्रकार थाना पाली पुलिस ने 110 लीटर, नाराहट में 48 लीटर, बानपुर में 30, मड़ावरा में दस, बार में 35 लीटर, महरौनी में 50 व तालबेहट में 70, पूराकला में दस और मदनपुर पुलिस ने पांच लीटर शराब जब्त की है।
यूरिया भी बरामद
जिले में शराब के स्टॉक को नकारा नहीं जा सकता है। यहां पर ग्रामीण क्षेत्रों में शराब को स्टॉक कर महंगे दामों में बेचा जा रहा है। सोमवार को हुई कार्रवाई में पौआ और यूरिया बरामद किया गया है। थाना जखौरा में 85 र्क्वाटरों के साथ यूरिया बरामद किया गया है। इसके अलावा थाना बार में दस बोतल व चार अदद र्क्वाटर बरामद किए हैं। थाना गिरार में भी 21 क्वार्टर व थाना पाली में 45 क्वार्टर बरामद किए हैं। इससे स्पष्ट है कि जिले में शराब का स्टॉक कर बिक्री का गोरखधंधा चल रहा है।
इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
शहर कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब बरामद होने के मामले में ग्राम रजवारा निवासी मूलचंद्र, ग्राम निबाई निवासी रविशंकर व देंवेंद्र बरजोरा, ग्राम मऊमाफी निवासी भरत, बम्हौरीनांगल निवासी लीलाबती व कजरी आदि शहर क्षेत्र में आजादपुरा लेडिंया निवासी रामसिंह, झांसीपुरा निवासी भागीरथ के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जखौरा पुलिस ने ग्राम भटरॎियापुरा निवासी आशाराम, बानपुर पुलिस ने ग्राम ककड़ारी निवासी जाहर, ग्राम तेरा निवासी राकेश, थाना जाखलौन पुलिस ने कस्बा निवासी संजीव, मड़ावरा थाना में ग्राम साढूमल निवासी रामपाल, थाना बार पुलिस ने ग्राम टोरिया निवासी राकेश, ग्राम बरौदा निवासी महेंद्र, ग्राम बसतगुंवा निवासी भारती, थाना पाली में ग्राम ऐरावनी निवासी कसलता, कस्बा निवासी रामसिंह, थाना गिरार में ग्राम भीकमपुर निवासी प्यारेलाल, थाना मदनपुर में ग्राम जलंधर निवासी गुलाब, थाना महरौनी में ग्राम खिरिया लटकनजू निवासी रामकिशोर, राजू, गढौलीकलां निवासी मेहराज, सैदपुर निवासी गोविंद, गंधर्व व थाना नाराहट में ग्राम उमरिया निवासी कल्लू, सिंगरावारा निवासी विद्यारानी, पारौल निवासी हल्का, गौना निवासी भागीरथ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अवैध शराब व स्टॉक के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। इसमें एसडीएम व सीओ के साथ कंबाइंड कार्रवाई की जाएगी।
- सुभाष चंद्र, जिला आबकारी अधिकारी
अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पचास हजार लीटर लहन नष्ट किया गया है। 33 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई लगातार जारी है।
- कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक