बार/ललितपुर। थाना बार पुलिस ने ग्राम बरौदाडांग में अवैध शस्त्र फैक्ट्री पर छापामार कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चार देशी तमंचा और दो अधबने तमंचा व औजार बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने बताया कि अपराध रोको अभियान के अंतर्गत थाना बार पुलिस ने थाना क्षेत्र के ग्राम बरोदा डांग में संचालित अवैध शस्त्र की फैक्ट्री पकड़ी है, जिसमें मौके से चार देशी तमंचा 315 बोर एवं दो अर्द्ध निर्मित तमंचा और तमंचा बनाने के औजार बरामद किए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक डा. बृजेश कुमार सिंह एवं तालबेहट पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह के निर्देशन में थाना बार पुलिस को सूचना मिली कि थाना बार के पुलिस चौकी पारौन के अंतर्गत ग्राम बरौदा डांग में एक अपराधी अपने कुएं पर अवैध शस्त्र फैक्ट्री चला रहा है, जिस पर पुलिस ने अपने सिपाहियों के साथ रात्रि में छापामारी की तो एक व्यक्ति मौके पर मिला। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने अपना नाम बहादुर सिंह पुत्र महूम सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी बरौदा डांग बताया और पकड़े गए अपराधी से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह यहां पर अवैध शस्त्र फैक्ट्री चलाता है जिसमें देशी तमंचा बनाकर बेचता है इसी से उसका खर्च चलता है। मौके पर पुलिस को चार अवैध देशी तमंचा 315 बोर के, तमंचे अगले निर्मित एक कारतूस 315 बोर के अलावा तमंचा बनाने के औजार बरामद किए गए। टीम में थानाध्यक्ष बार अंजनी कुमार सिंह, पुलिस चौकी प्रभारी रमेश कुमार सिंह चौहान, उपनिरीक्षक संदीप सिंह, भरत पाल, विकास सिंह, ब्रजेश सिंह आदि शामिल रहे।