ललितपुर। सहकारी समितियों पर किसानों को खाद-बीज अब प्वाइंट ऑफ सेल मशीन से उपलब्ध कराई जाएगी। वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए यह माध्यम अपनाया जा रहा है। मशीन चालू करने के लिए खाद विक्रेताओं को थंब इंप्रेशन देना होगा।
जिले में 166 सहकारिता एवं निजी खाद केंद्रों को हाइटेक किया जा रहा है। इनके माध्यम से किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाती है। खाद बिक्री में पारदर्शिता लाने के लिए अब खाद रिटेलरों को 138 प्वाइंट ऑफ सेल मशीनों का वितरण किया गया है। जबकि, 28 मशीनों का वितरण किया जाना है। इन मशीनों का संचालित करने के लिए रिटेलर को सबसे पहले कंप्यूटर के माध्यम से ऑनलाइन कनेक्ट कर उनका विवरण दर्ज किया जाएगा। खाद का स्टॉक भी ऑनलाइन फीड किया जाएगा।
इससे खाद की उपलब्धता पर निगरानी की जा सके। कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक खाद-बीज की बिक्री पर निगरानी के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है। विक्रेताओं को आईडी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इन मशीनों से के संचालन के लिए खाद विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्वाइंट ऑफ सेल मशीन की कीमत करीब 17 हजार 500 रुपए बताई गई है।
अंगूठा निशानी से होगा खाद वितरण
कृषि विभाग के अनुसार प्वाइंट ऑफ सेल मशीन से किसानों का आधार नंबर लिंक करने के साथ ही अंगूठे का निशान भी लिया जाएगा। ऐसा करने वाले किसान का पूरा ब्योरा मशीन में दिखाई देगा। इससे किसी अन्य किसान को खाद बिक्री नहीं की जा सकेगी। परिजन भी खाद नहीं ले पाएंगे। किसान द्वारा खरीदी गई खाद का ब्योरा भी ऑनलाइन फीड होगा।
ऐसे काम करेगी मशीन
खाद विक्रेताओं और सहकारी समितियों पर वितरित की गईं यह प्वाइंट ऑफ सेल मशीनें तभी खुलेंगी, जब विक्रेता को जारी किया गया नंबर डाला जाएगा और वह अंगूठा लगाएगा। इसके बाद मशीन में किसान का आधार नंबर लिंक कर अंगूठा लगाने के बाद ही मशीन में खाद की उपलब्धता व किसान के लिए दी जाने वाली खाद का विवरण भी दर्ज हो सकेगा।