संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला अस्पताल में उपचार कराने आ रहे हैं तो यहां पर लगे चिकित्सकों के नाम के साइन बोर्ड पर ध्यान न दें। नाम पर ध्यान दिया तो उपचार नहीं करा सकेंगे। कारण सूचना पट में दर्ज चिकित्सकों में कुछ की मौत हो गई तो कुछ सेवानिवृत्त हो चुके हैं। यहीं नहीं कुछ स्थानांतरण होने के चलते बाहर चले गए हैं, इसके बाद भी साइन बोर्ड में नाम दर्ज है। ऐसे में कई मरीज चिकित्सकों को खोजने में परेशान हेा जाते हैं। इसके बाद भी जिला अस्पताल प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। ऐसे में कार्यप्रणाली का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। यहीं हाल मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का बना हुआ है।
कोविड काल में संक्रमण की रोकथाम के लिए ओपीडी सेवाएं बंद की गई थीं। मरीजों को उपचार की सुविधा के लिए जिला अस्पताल परिसर में साइन बोर्ड पर नाम, विशेषज्ञता व मोबाइल नंबर दर्ज किए गए थे, मरीज चिकित्सकों से मोबाइल पर अपने मर्ज की जानकारी देकर परामर्श ले सकें। यह साइन बोर्ड पर्चा काउंटर के पास में ही लगाया गया है।
लेकिन वर्तमान में इस बोर्ड में दर्ज नाम देखकर मरीज परेशान हो जाते हैं। कारण दर्ज नाम वाले चिकित्सक ढूंढे नहीं मिलते हैं। इसमें दर्ज नाम में तीन चिकित्सकों की मौत हो चुकी है। दो चिकित्सक सेवाएं छोड़ चुके हैं। तीन चिकित्सकों का स्थानांतरण हो चुका है। दो चिकित्सक सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे में मरीजों को होने वाली परेशानी का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
सीएमओ कार्यालय में अब भी दर्ज हैं सेवानिवृत्त अधिकारियों के नाम
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में सामने ही अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम की सूची अंकित हैं। इसमें पूर्व में तैनात सीएमओ डॉ. आभा मिश्रा का नाम अंकित है, जबकि वर्तमान में डॉ. इम्तियाज अहमद मुख्य चिकित्सा अधिकारी हैं। ऐसे में कार्यालय में आने वाले लोग परेशान हो रहे हैं। कुछ अधिकारी सेवा निवृत्त हो चुके हैं, इसके बाद भी सूची में नाम अंकित हैं।
-
जिला अस्पताल परिसर में पंजीयन काउंटर के पास लगे साइन बोर्ड में चिकित्सकों के नामों को ठीक कराया जाएगा। सेवानिवृत्त व मृतक चिकित्सकों के नाम को हटाया जाएगा।
- डाॅ. द्विजेंद्र नाथ, प्राचार्य, स्वाशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, ललितपुर
-
सीएमओ कार्यालय में दीवार पर दर्ज सूची में कुछ अधिकारी स्थानांतरित हो चुके हैं, कुछ सेवानिवृत्त होने के बाद भी नाम अंकित हैं, जिन्हें ठीक कराया जाएगा।
- डॉ. इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी