ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला मवेशी बाजार में स्थित एक बर्फ फैक्टरी में अचानक से नाइट्रोजन गैस का रिसाव होने लगा, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। जानकारी मिलने पर पुलिस व प्रशासन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और फायर ब्रिगेड कर्मियों की मदद से गैस रिसाव को बंद कराया गया। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
मोहल्ला मवेशी बाजार में एक बर्फ फैक्टरी है। जहां शनिवार की रात करीब साढ़े दस बजे बर्फ फैक्टरी की मशीनों से अचानक नाइट्रोजन गैस का रिसाव होने लगा, इससे मोहल्ले में हड़कंप सी मच गई। रिसाव होने से मोहल्ले में लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और उनकी आंखों में जलन होने लगी। जानकारी मिलने पर सीओ सिटी इमरान अहमद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला, सदर चौकी इंचार्ज सुभाष चंद सुरक्षा इंतजाम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को भी बुला लिया गया। जिसके बाद बर्फ फैक्टरी से हो रहे रिसाव को फायर ब्रिगेड कर्मियों की मदद से बंद कराया गया। यहां सीओ सिटी ने मोहल्ले वालों को एलान करके गैस रिसाव बंद होने की जानकारी दी, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि इससे गैस रिसाव होने से किसी को कोई क्षति नहीं पहुंची। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि बर्फ फैक्टरी से हल्की गैस का रिसाव हुआ था। लोगों को कुछ आंखों में जलन की बात बताई गई। जानकारी मिलने पर तत्काल गैस रिसाव को बंद करा दिया गया।