ललितपुर। राजकीय इंटर कालेज में छात्रों से प्रैक्टिकल के नाम पर उगाही व अर्धवार्षिक परीक्षा में 94 प्रतिशत छात्रों को अनुत्तीर्ण करने का मामला थमता नजर नहीं आ रहा है।
रविवार को मामले के विरोध में बुंदेलखंड छात्र विकास सेना व भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने संयुक्त रूप से घंटाघर परिसर में क्रमिक अनशन आरंभ कर दिया है।
कई दिनों से राजकीय इंटर कालेज में छात्रों से प्रैक्टिकल के नाम पर उगाही व अर्धवार्षिक परीक्षा में 94 प्रतिशत छात्रों को अनुत्तीर्ण करने का मामला सुर्खियों में बना हुआ है। कांग्रेस के अलावा विभिन्न छात्र संगठन इस मामले को उठा चुके हैं। कांग्रेस नगर अध्यक्ष हरीबाबू शर्मा ने तो तहसील दिवस में शिकायती पत्र भी दिया था, जिसकी जांच अभी तक नहीं हो सकी है।
वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जीआईसी के साथ वर्णी कालेज में बड़ी संख्या में छात्रों के फेल होने का मामला उठाया था। मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन व बुंदेलखंड छात्र सेना ने रविवार को संयुक्त रूप से क्रमिशन अनशन शुरू कर दिया है।
एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष अंकित यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस मामले को हल्के में ले रहा है, जिससे छात्रों में असंतोष पनप रहा है। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच कर दोषी प्रधानाचार्य को हटाने की मांग की है।
वहीं, बुंदेलखंड छात्र विकास सेना के जिलाध्यक्ष परवेज पठान ने आरोप लगाते हुए कहा कि कालेज में छात्रों से उगाही के लिए नाना प्रकार के हथकंडे अपनाए जाते हैं। वहीं, जो छात्र मंशा में खरे नहीं उतरते, उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस मौके पर मोंटी शुक्ला, संजय जाटव, रोहित साहू, संजय कुमार, गोलू राजा, रवि खटीक, राहुल, शिवम चौरसिया, कपिलदेव, शिवम साहू, सोनू जैन, मकबूल राईन, करन शर्मा, राहुल शर्मा, जहीर खान व दीपू राजा आदि उपस्थित रहे।