ललितपुर। पति के मोबाइल फोन तोड़ने से नाराज युवती ने जहर का सेवन कर लिया। जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर जबरन विषाक्त खिलाने का आरोप लगाया है।
थाना जखौरा के ग्राम नोहरकलां निवासी जयंती (19) पत्नी विजय ने बृहस्पतिवार को जहर का सेवन कर लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाए। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पति विजय के मुताबिक बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी जयंती मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इस दौरान वह आ गया और उसने जयंती से मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया था। इसके बाद वह घर के बाहर निकल गया। कुछ देर बाद जब वह घर लौटकर आया तो जयंती कमरे में अचेत पड़ी थी और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। परिजन उसे आनन-फानन जखौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान जयंती की मौत हो गई। सूचना पर मृतका के ग्राम जरया निवासी मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए थे। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर जबरन विषाक्त पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है। जयंती की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी और उसका एक पुत्र है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राहुल राठौर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।