ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम रजवारा में पत्नी से नमकीन लेने देने पर कहासुनी पति को भारी पड़ गई। पत्नी ने मायके वालों को बुलाकर पति के साथ जमकर मारपीट कर दी, जिससे पति चोटिल हो गया। कोतवाली पुलिस ने पत्नी समेत चार आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम रजवारा निवासी रामकली पत्नी मगन कुशवाहा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पुत्र गुलाब पुत्र मगन सिंह कुशवाहा की शादी 12-13 वर्ष पहले चौबयाना निवासी राजाबेटी पुत्री ग्यासी के साथ हुई थी। उसके बेट की पत्नी राजाबेटी व उसके पुत्र के बीच बीते रोज शुक्रवार की शाम को नमकीन लेने देने पर कहासुनी हो गई थी। जिस पर उसके लड़के की पत्नी ने यह बात अपने मायके वालों को बताई तो शनिवार को सुबह 11 बजे उसके लड़के का साला मंगल पुत्र ग्यासी व बब्लू पुत्र ग्यासी, उसके घर आए और गांव के भगवत पुत्र हल्के कुशवाहा एवं उसके बेटे की पत्नी राजाबेटी ने पुत्र को घर के बाहर बुलाया और चारों ने लाठी, डंडों से काफी मारपीट की और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। मारपीट से उसके लड़के को काफी चोटें आई हैं। महिला की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने उसके पुत्र की पत्नी समेत चारों आरोपियों के खिलाफ गाली गलौज कर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी के मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।