पत्नी ने पति को पीटने के लिए परिजनों को बुलाया, न्यायालय परिसर में पुलिस ने किया बचाव
भरण-पोषण के वाद में न्यायालय आया था विदिशा निवासी युवक
पुलिस ने संभाला मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। भरण-पोषण के वाद में तारीख पर न्यायालय पहुंचे पति-पत्नी के बीच शुक्रवार को विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान पत्नी की सहेली द्वारा वीडियो बनाए जाने से नाराज पति ने सहेली को धक्का दे दिया, जिससे वह सीढ़ियों से गिर गई। इसके बाद पति-पत्नी के बीच झगड़ा और बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के जिला विदिशा निवासी युवक भरण-पोषण के वाद में न्यायालय आया था, जहां उसकी पत्नी भी पहुंची थी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने अपनी सहेली को बुला लिया, जो युवक का वीडियो बनाने लगी। इससे नाराज होकर पति ने सहेली को धक्का दे दिया, जिससे वह सीढ़ियों से नीचे गिर गई।
घटना से आक्रोशित पत्नी अपने पति से उलझ गई और दोनों के बीच मारपीट होने लगी। सूचना मिलने पर पत्नी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और पति को घेर लिया। स्थिति बिगड़ती देख न्यायालय परिसर में मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप किया, लेकिन परिजन बाहर निकलने का इंतजार करते रहे।
इसी बीच पति के अधिवक्ता ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह पति को सुरक्षित बाहर निकाला और पत्नी व उसकी सहेली को भी साथ लेकर कोतवाली चली गई। घटना के चलते न्यायालय परिसर में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल रहा और अधिवक्ताओं व वादकारियों के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा।