ललितपुर। ज्यादा से ज्यादा मतदान हो, इस मकसद से शहर के मुख्य मार्ग पर मानव शृंखला बनाई गई। इस दौरान विभिन्न कालेजों के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक व गीत प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने कहा कि अबकी बार 80 प्रतिशत मतदान कराने का लक्ष्य है।
लोकसभा चुनाव घोषित होते ही मतदाता जागरूकता कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी मानवेंद्र सिंह के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक /स्वीप नोडल प्रभारी अधिकारी रा शंकर के निर्देशन में मानव श्रृंखला बनाई गई। नगर के माध्यमिक/बेसिक/महाविद्यालय के साथ विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी ने देवगढ़ तिराहे पर मानव शृंखला का शुभारंभ किया। इसमें गिरीराज इंटर कालेज, मां अहिल्या बाई इंटर कालेज, मां शारदा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती ज्ञान मंदिर बालिका इंटर कालेज आजादपुरा, वर्णी जैन इंटर कालेज, स्काउट एवं गाइड, एनसीसी/नेहरू युवा केंद्र, एसडीएस इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, राजकीय इंटर कालेज, जीडी मेमोरियल पब्लिक इंटर कालेज, एवीएम पब्लिक स्कूल, नगर पालिका बालिका इंटर कालेज, पीएन इंटर कालेज, बेसिक शिक्षा विभाग के छात्र- छात्राएं, सुधासागर बालिका इंटर कालेज, डायट, नृसिंह विद्या मंदिर एवं दीवान रघुनाथ इंटर कालेज अजीतापुरा, चौधरी दीपचंद्र महाविद्यालय, पहलवान गुरुदीन महा विद्यालय पनारी, नेहरू महाविद्यालय, माहेश्वरी एकेडमी और सिद्धि सागर एकेडमी के छात्र-छात्राएं शामिल रहे। मानव शृंखला देवगढ़ तिराहा से तुवन चौराहा, घंटाघर, सावरचौक, नेहरू महाविद्यालय तक गई।
इस दौरान नुक्कड़ नाटक व गीत जगह-जगह प्रस्तुत किए गए। मतदान कर लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया गया। उप जिलाधिकारी सदर गजल भारद्वाज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार वर्मा, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका मधुसूदन जायसवाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी समर सिंह, प्रधानाचार्य अजब सिंह, राजेंद्र कुमार त्रिपाठी, पूनम मलिक, सुमनलता सोनकार, रामस्वरूप नामदेव आदि उपस्थित रहे।