ललितपुर। नगर पालिका का गृहकर विभाग तेजी से गृहकर वसूलने के लिए शनिवार से
डोर-टू-डोर अभियान चलाने जा रहा है। इसके अंतर्गत नगर पालिका कर्मी एक माह
सात दिन तक घर- घर जाकर दरवाजा खटखटाएंगे।
छब्बीस वार्डों
वाली नगर पालिका परिषद की सीमा के अंतर्गत करीब सवा दो लाख की आबादी निवास
करती है। वर्ष 2009-10 के आंकड़ों के अनुसार नगर में 23,644 भवन बने हुए
थे, लेकिन वर्तमान में भवनों की संख्या 28 हजार से अधिक पहुंच गई है। नगर
में बड़ी संख्या में ऐसे भवन स्वामी हैं जो अपने गृहकर का समय से भुगतान
नहीं करते हैं। यही कारण है कि नगर सीमा में रहने वाले अधिकांश भवन
स्वामियों पर गृहकर की करीब 40 लाख रुपए बकायेदारी चली आ रही है। इसको
वसूलने के लिए नगर पालिका ने रणनीति तैैयार कर ली है।
करीब 12 कर
संग्राहकों के साथ अन्य कर्मचारियों को मिलाकर डोर-टू-डोर अभियान चलाने की
तैयारी की जा रही है। इसके अंतर्गत एक माह सात दिन तक नगर पालिका के
कर्मचारी गृहकर बकायेदारों के घर पर दस्तक देंगे और दरवाजा खटखटाकर अपने
करों को अदा करने की बात कहेंगे।
कर निर्धारण अधिकारी अनिल
कुमार अरुण व गृहकर विभाग के वरिष्ठ कर्मचारी अभिषेक कुमार चौबे की मानें
तो गृहकर विभाग से अधिक से अधिक वसूली का लक्ष्य रखा है। इसके लिए चार
टीमें बनाई गई हैं। एक टीम में चार कर्मचारी रखे गए हैं। यह कर्मचारी लोगों
के घर पहुंचेंगे।
वार्ड 18 व 20 से होगी शुरुआत
गृहकर
वसूली अभियान वार्ड नंबर 18 व 20 से शुरू होगा। इसमें चार-चार कर्मचारियों
की दो टीमें उतारी जाएंगी जो संकरी गलियों के साथ अन्य स्थान पर रह रहे भवन
स्वामियों से गृहकर वसूल करके रसीद देंगी। अभियान को गति देने के लिए कर
निर्धारण अधिकारी भी वसूली अभियान में उतरेंगे।