कैप्सन - टीकाकरण कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य कर्मचारी
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित मैटरनिटी विंग में प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन के बाद पहले पांच स्वास्थ्यकर्मियों आमोद पाल, बलभद्र सिंह, श्यामवीर सिंह, सुबोध त्रिपाठी और अशोक नायक का टीकाकरण किया गया । टीकाकरण के बाद सभी लाभार्थियों को स्वास्थ्य टीम की निगरानी में रखा गया। पहले दिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के न आने से 100 के सापेक्ष 59 लोगों का टीकाकरण किया गया।
तालबेहट में टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित राजेश कुमार द्वारा पूजन एवं अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया गया। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद प्रथम कक्ष में टीकाकरण लाभार्थी का सत्यापन किया गया। सत्यापन के बाद लाभार्थी को वैक्सीन टीकाकरण के लिए द्वितीय कक्ष में भेजा गया। इसके बाद लाभार्थी का वैक्सीन टीकाकरण किया गया। टीकाकरण होने के बाद लाभार्थियों को तृतीय प्रतीक्षा कक्ष में रखा गया है। जहां पर आधे घंटे तक स्वास्थ्य विभाग की टीम लाभार्थी की निगरानी करती रही और उसके स्वास्थ्य की जानकारी लेती रही। आधे घंटे बाद लाभार्थियों को जाने की अनुमति दी गई। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मुकेश दुबे, डॉ. नरेंद्र कुमार, सीएचसी अधीक्षक डॉ. नितिन कंसौरिया, डॉ. अशोक, डॉ. अमित यादव आदि अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारी, उपनिरीक्षक साजेश कुमार सिंह, तुलाराम, सुर्दशन पाठक, राजेश आदि मौजूद रहे। टीकाकरण चयन के आधार के बारे में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नितिन कंसौरिया ने बताया कि इसके लिए फर्स्ट लाइन वर्कर्स को लिया गया है। जिसमें स्वास्थ्य कर्मचारी, आशा और आंगनबाड़ी आती हैं। पहले दिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के न आने से टीकाकरण 100 के सापेक्ष 59 का हुआ।