ललितपुर। शहर के मोहल्ला नदीपुरा निवासी मृतक के कोरोना संक्रमित होने का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा हिस्ट्री खंगाली जा रही है। इसमें मृतक के परिजनों, संपर्क में आने वाले व ड्यूटी के दौरान पास में आने वाले सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कर जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुलिस से मिलकर मृतक की हिस्ट्री का पता लगाने के लिए उसके मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया जाएगा। इससे बीते दिनों उसके आने जाने वाले स्थानों की जानकारी हो सके और कोरोना से संक्रमित होने का पता लगाया जा सके।
मोहल्ला नदीपुरा निवासी एक व्यक्ति की पिछले दिनों मृत्यु के बाद कोरोना जांच में पुष्टि हुई थी, जिसकी जांच के बाद मोहल्ले को सील कर हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया। साथ ही परिजनों समेत संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। ऐसे में सभी लोगों के मन को एक ही सवाल कचोट रहा था कि मरने वाला व्यक्ति कोरोना संक्रमित कैसे हो गया ?
अब स्वास्थ्य विभाग मरने वाले व्यक्ति के संक्रमित होने की जानकारी के लिए हिस्ट्री खंगाल रहा है, जिसके लिए विभाग की सर्विलांस टीम तथ्य जुटाने में जुट गई है। भाई द्वारा बताया गया कि मृतक परिवार से अलग रहता है। परिजनों के संपर्क में नहीं था। पत्नी की जांच कराई गई, लेकिन पुष्टि नहीं हुई है।
साथ में ड्यूटी करने वाले लोगों की जांच होगी
उस व्यक्ति को लॉकडाउन के दौरान बाहर से आने वाले क्वारंटीन सेंटरों में जांच के लिए लगाया गया था। इस दौरान साथ में ड्यूटी करने वाले लोगों की जांच होगी। इसके साथ ही स्क्रीनिंग करने वाले लोगों को भी सर्विलांस पर लिया जाएगा, जिसमें उनसे बीमारी के संबंध में जानकारी ली जाएगी। इसके बाद ही मृतक में कोरोना आने का पता चल सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मी की मौत के बाद जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। मृतक में कोरोना कहां से आया, इसकी जानकारी के लिए हिस्ट्री खंगाली जा रही है।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
शनिवार को भेजे गए दो सैंपल
ललितपुर। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को मात्र दो लोगों के सैंपल लेकर जांच को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं। बीते दिनों की मात्र 20 जांच रिपोर्ट लंबित बनी हुई है।