तालबेहट। थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम झावर में हाईटेंशन तार के टूट कर खेत में गिरने से फसल जलकर राख हो गई। काफी मुश्किल के बाद लोगों ने आग पर पानी डाल कर काबू पाया। पीड़ित किसान ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर आर्थिक नुकसान दिलाने की मांग की है। ग्राम झावर निवासी हरीराम पाल पुत्र दयाल पाल के खेत में विद्युत विभाग की डीपी रखी है। खेत में गेहूं की फसल की कटाई का काम चल रहा था। डीपी में लगे तार काफी जर्जर हालत में बताए गए हैं। मंगलवार को दोपहर बाद एक तार टूटकर गिर गया। इससे उसके नीचे कटी फसल के ठूठों में और गठ्ठों में आग लग गई। इसे देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया। मौके पर जुटे लोगों ने आग पर पानी डाल कर काफी मुश्किल के बाद आग पर काबू किया। तब तक आग ने हरीराम का काफी नुकसान कर दिया। इस संबंध में पीड़ित ने विद्युत विभाग, पुलिस और तहसीलदार को प्रार्थना पत्र देकर आर्थिक क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।
पिछले वर्ष भी लगी थी आग
हरीराम पाल के खेत में पिछले वर्ष भी डीपी से तार टूटकर गिरने से फसल में आग लग गई थी। जिससे उसका काफी नुकसान हो गया था। इसके बाद उसने कई बार इस डीपी को हटवाने की मांग को अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए लेकिन आज तक किसी ने उसकी इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया।
मामला बिजली विभाग से संबंधित है। इसके आर्थिक नुकसान वही विभाग तय करेगा।
- विशेश्वर सिंह, तहसीलदार तालबेहट
सूचना के बाद पूरी रिपोर्ट बना कर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
- अक्षय वर्मा, विद्युत उपखंड अधिकारी तालबेहट