आठवीं के बाद पढ़ाई करने के लिए बच्चों को नहीं जाना होगा दूर
शासन ने जूनियर हाईस्कूल कंपोजिट को उच्चीकृत कर हाईस्कूल बनाने की दी स्वीकृति
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले के आखिरी छोर और मध्य प्रदेश की सीमा से सटे कस्बा बालाबेहट के बच्चों को 8वीं के बाद पढ़ाई करने के लिए 20 किलोमीटर की दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। अब कस्बा बालाबेहट में ही हाईस्कूल तक की पढ़ाई होगी। यहां संचालित जूनियर हाईस्कूल कंपोजिट विद्यालय को राजकीय हाईस्कूल बनाने की स्वीकृति मिल गई है। इससे यहां के बच्चे कस्बे में ही कक्षा 10वीं तक की पढ़ाई कर सकेंगे।
ब्लॉक बिरधा क्षेत्र में कस्बा बालाबेहट है। यह कस्बा जिले की सीमा पर है और मध्य प्रदेश से सटा हुआ है। यह कस्बा पहाड़ी पर और चारों ओर जंगल से घिरा हुआ है। इस कस्बे की आबादी पांच हजार से अधिक है। पांच हजार से अधिक आबादी होने के बाद भी यहां पर विकास कार्य और शिक्षा का स्तर न के बराबर है। इसका कारण है, कस्बे में कक्षा आठवीं के बाद आगे की पढ़ाई करने के लिए हाईस्कूल का न होना। इस कारण से यहां के अधिकांश बच्चे आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं। कुछ बच्चे आगे की पढ़ाई के लिए करीब 20 किलोमीटर दूर पाली जाने के लिए विवश होते हैं।
कस्बा बालाबेहट में हाईस्कूल विद्यालय खोले जाने की मांग लंबे समय से चल रही थी। अब शासन ने जूनियर हाईस्कूल कंपोजिट विद्यालय को उच्चीकृत कर राजकीय हाईस्कूल बनाने की स्वीकृति दे दी है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद अब यहां अतिरिक्त कक्षा कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी।
चार इंटर कॉलेज और तीन हाईस्कूल विद्यालयों को भी मिली स्वीकृति
कस्बा बालाबेहट में राजकीय हाईस्कूल बनने के साथ-साथ ग्राम कारीटोरन, पिपरियावंशा और खिरियाडांग में भी राजकीय हाईस्कूल खुलेंगे। वहीं, धौरीसागर, दावनी, खेरा और वीर में संचालित राजकीय हाईस्कूल को अब इंटरमीडिएट तक करने की स्वीकृति मिल गई है।
वर्जन
कस्बा बालाबेहट सहित जिले में चार हाईस्कूल और चार इंटरमीडिएट कॉलेज बनाने की स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही इन विद्यालयों में कक्षा-कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। - ओमप्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक