सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डा. प्रताप सिंह द्वारा गोद लिए ग्राम धमकना में चिकनगुनिया एवं वायरल बुखार फैलने की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। तत्काल सीएचसी से एक टीम गांव भेजी गई। टीम ने वहां लगभग चार दर्जन लोगों की स्लाइडें बनाई और मरीजों को दवा वितरित की।
ग्राम धमकना में चार दिन से बुखार के मरीजों की संख्या में अचानक वृद्धि हो गई थी। ग्रामीण आसपास के झोलाछाप चिकित्सकों से अपना उपचार करा रहे थे, जिससे उन्हें कोई लाभ नहीं मिल रहा था। यकायक बढ़ते मरीजों को देखकर गांव वालों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना के बाद चिकित्सा अधीक्षक डा. नरेंद्र कुमार की अगुवाई में एक टीम गांव गई। टीम ने गांव के लगभग चार दर्जन से अधिक मरीजों की स्लाइडें बनाई और दिलीप साहू, निराली, जमना, संतोष, भान सिंह मरीजों का परीक्षण कर दवा का वितरण किया। इस मौके पर टीम के सदस्यों ने ग्रामीणों से साफ - सफाई से रहने एवं दूषित पानी का उपयोग न करने की बात कही। टीम में आरपी सचान, सुबोध त्रिपाठी, संध्या कौशिक आदि प्रमुख रहे।
आज होगा डीडीटी का छिड़काव
मरीजों के जिस प्रकार के लक्षण बताए जा रहे हैं, उससे लगता है कि कुछ चिकनगुनिया के मरीज हो सकते हैं, इसकी जांच कराई जा रही है। मंगलवार को मलेरिया विभाग की टीम जाकर गांव में अपने स्तर से कार्य करेगी। मरीजों के लिए जो भी संभव होगा मदद की जाएगी। उनके अनुसार गांव में मरीजों की स्थिति खतरे से बाहर है।
डा, प्रताप सिंह, सीएमओ, तालबेहट