ललितपुर। स्वास्थ्य के अफसर मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने में फिसड्डी साबित हो रहे हैं। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में खराब प्रगति उजागर होने जिलाधिकारी ने सभी चिकित्साधिकारियों को सुधार की चेतावनी दी।
कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में ओपीडी, आईपीडी की समीक्षा में पाया गया कि पिछले वर्ष के सापेक्ष जुलाई माह में सीएचसी मड़ावरा में ओपीडी तथा इंडोर मरीजों की संख्या में काफी गिरावट आई है। इसी तरह, जननी सुरक्षा योजना के तहत संस्थागत प्रसव के 62 केस कम हुए हैं। जिले भर में संचालित 11 फर्स्ट रेफरल यूनिट की समीक्षा में पाया गया कि सीएचसी मड़ावरा, जखौरा, तालबेहट, सौजना, किसलवास में मरीजों की संख्या में कमी आई है, जिस पर सीएचसी इंचार्ज को चेतावनी जारी की गई। सबसे अधिक खराब स्थिति उन सब सेंटर की मिली, जहां कर्मचारी और तमाम संसाधन उपलब्ध होने के बाद भी एक भी गर्भवती महिला की डिलेवरी नहीं की गई।
यहां तैनात एएनएम को सुधार न होने पर वेतन कटौती की चेतावनी दी गई। एमसीटीएस में डाटा अपलोड की स्थिति संतोष जनक न मिलने पर एनआरएचएम के नोडल अधिकारी डा. डीसी दोहरे को चेतावनी दी गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सत्येंद्र कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी इंचार्ज मौजूद रहे।
नारी निकेतन भेजी गई किशोरी
ललितपुर। नगर क्षेत्र के अपहृत किशोरी को पुलिस ने नारी निकेतन कानपुर भेज दिया है। किशोरी को एक युवक फुसलाकर भगा ले गया था। अभिभावक की ओर से युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने अपहृता को बरामद करके आरोपी को जेल भेज दिया था। शुक्रवार को बरामद हुई किशोरी नारी निकेतन भेज दी गर्ह।