बार(ललितपुर)। थाना बार अंतर्गत ग्राम रमपुरा कठवर में साथी बच्चों के साथ खेलने के दौरान मवेशियों को पानी पीने की टंकी में गिरने से एक बालिका की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पहुंच गई, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
ग्राम रमपुरा, कठवर निवासी जान्ह्वी (7) पुत्री भूपेंद्र सिंह जन्म से मूक बधिर थी। सोमवार को दोपहर में तीन बजे वह मोहल्ले के बच्चों के साथ खेल रही थी, इसी दौरान मवेशियों के पानी पीने के लिए बनाई गई टंकी में गिरकर डूब गई। साथ में खेल रहे बच्चों ने शोर मचाकर परिजनों व ग्रामीणों को बुलाया तो ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह बेसुध हो चुकी थी, जिस पर परिजन उसे बार चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर अस्पताल पहुंच गई, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। जिस पर बार पुलिस ने मृत बालिका के शव को परिजनों को सौंप दिया।
बार क्षेत्र में दस दिन में इस तरह की दूसरी घटना
बार क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चिगलौआ और रमपुरा कठवर में दस दिन में इस प्रकार से पानी में डूबने से बालिका की मौत की यह दूसरी घटना है। ग्राम चिगलौआ में दस दिन पहले 11 सितंबर को गांव में ही घर के कुछ ही दूरी पर नहाते समय गहरे गड्ढे में दो बालक डूब गए थे, जिसमें एक नौ वर्षीय बालक की गहरे पानी में जाने से मौत हो गई थी।