ललितपुर। शिक्षण संस्थाओं में विश्व धुलाई दिवस पर साफ-सफाई का संदेश दिया गया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने पांच प्रकार से हाथ धोने के तरीके सीखे। वक्ताओं ने कहा कि साबुन से हाथ धोने से विभिन्न बीमारियों को फैलने से रोका जा सकता है।
महिला सामाख्या उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित विहान बालिका आवासीय विद्यालय में हाथ धुलाई दिवस मनाया गया। इस दौरान बच्चों को हाथ धोने के फायदे गिनाए गए। इसके पश्चात सभी बच्चों ने पांच प्रकार से साबुन से हाथ धोए और आगे भी इस क्रम को जारी रखने का संकल्प लिया। विद्यालय अधीक्षिका सावित्री ने कहा कि खाना खाने से पहले और शौच के बाद साबुन से जरूर हाथ धोए। इसे अपनाने से विभिन्न बीमारियों के फैलने से रोका जा सकता है। कार्यक्रम में पूजा, रूमन, शुभांजली, धर्मेश आदि उपस्थित रहे।
उधर, नगर संसाधन केंद्र परिसर स्थित प्राथमिक विद्यालय सिविल लाइन, प्राथमिक विद्यालय तलैयापुरा और पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिविल लाइन में विश्व हाथ धुलाई दिवस मनाया गया। इस दौरान एबीआरसी संजय श्रीवास्तव, संकुल प्रभारी असद खां सहित स्कूल की शिक्षिकाएं उपस्थित रही। ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में भी विश्व हाथ धुलाई दिवस मनाया गया।