संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर पालिका के वार्ड नंबर दो रैदासपुरा में पेयजल संकट गहरा गया है। यहां पाइपलाइन से लंबे समय से आपूर्ति ठप पड़ी है। ऐसे में हैंडपंप ही सहारा थे, जिनके लगातार खराब होने से पानी की किल्लत बढ़ गई है। इस समय लगभग छह हजार की आबादी पानी की समस्या से जूझ रही है।
मोहल्ला रैदासपुरा के विष्णुपुरा, खिरकापुरा, नारायनपुरा में पेयजल आपूर्ति लगभग एक दशक से बाधित है। ये स्थान ऊंचाई पर होने से पानी पहुंचने में दिक्कत आती है। गर्मियों का मौसम शुरू होने से पहले ही हैंडपंप भी सूखने लगते हैं। वर्तमान में इन मोहल्लों में आधा दर्जन से अधिक हैंडपंप खराब हैं। ऐसे में पानी की समस्या विकराल हो गई है। विष्णुपुरा के बगल में, नारायनपुरा में स्कूल के पास और खिरकापुरा में हैंडपंप खराब होने से यहां के लोगों को दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
-