तालबेहट। रविवार को जीएसटी अफसरों की टीम के आने की जानकारी मिलते ही व्यापारियों ने दुकानें बंद कर विरोध करना शुरू कर दिया। आक्रोशित व्यापारियों ने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। वहीं नगर उद्योग व्यापार मंडल कंछल गुट के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर व्यापारियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने और रजिस्ट्रेशन के लिए कैंप आयोजित करने की मांग की।
इस समय पूरे जनपद में जीएसटी अधिकारियों की टीम व्यापारियों के यहां दबिश देकर टैक्स जमा करने का ब्योरा देख रही है। जिससे व्यापारी काफी परेशान हैं। रविवार को जैसे ही नगर में जीएसटी अधिकारियों की टीम आई। इससे पहले नगर के अधिकांश प्रतिष्ठान बंद हो गए। अधिकांश बाजार बंद देखकर टीम वापस लौट गई। वहीं उद्योग व्यापार मंडल और नगर उद्योग व्यापार मंडल कंछल गुट ने ज्ञापन दिया।
मुख्यमंत्री के नाम संबोधित तहसीलदार अभिमन्यु कुमार को दिए ज्ञापन में व्यापारियों ने अवगत कराया कि जीएसटी टीम के छापों से प्रदेशभर के व्यापारी भयभीत हैं। तीन दिनों से चल रही कार्रवाई से ईमानदार व्यापारी भी परेशान हो रहे हैं। इस तरह की कार्रवाई से इंस्पेक्टरराज और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। ज्ञापन देने वालों में विजय किशोर सोनी, चक्रेश जैन, शैलेंद्र गुप्ता, हरीप्रकाश, अवधेश पारिया, दीपक गुप्ता सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।
इधर, नगर उद्योग व्यापार मंडल कंछल गुट के अध्यक्ष सुनील त्रिपाठी और महामंत्री शरद सोनी ने मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में बताया कि राज्य कर अधिकारी जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों व दुकानों पर छापे मार कर व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। यह पूरी तरह से गलत है।
जखौरा। कस्बा में लगातार दो दिनों से जीएसटी टीम के आने की अफवाहों से कस्बा के अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और फोन से जीएसटी की टीम की लोकेशन जानने की कोशिश करते रहे। कुछ देर बाद दुकानदारों को जब यह जानकारी हुई की टीम तालबेहट में है, तो कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोल लीं। संवाद
बांसी में भी गिरे शटर
बांसी। कस्बा में जीएसटी टीम के आने की जानकारी मिलते ही कस्बा के अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर ताले लगा दिए। कुछ देर बाद दुकानदारों को जब यह पुष्टि हुई की टीम तालबेहट गई है तब कुछ देर बाद दुकानें खोल ली गई।