संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रेलवे स्टेशन पर बुधवार की रात चलती ट्रेन से उतरते हुई एक महिला को ट्रेन के नीचे आने से पहले जीआरपी पुलिसकर्मी ने उसे सुरक्षित बचा लिया।
बुधवार की रात बीना की ओर से ललितपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर एक ट्रेन आई। ट्रेन स्टेशन पर धीरे धीरे चल रही थी। इसी दौरान चलती ट्रेन से एक महिला नीचे उतरी तो वह असंतुलित होकर नीचे गिरने लगी। यह देखकर प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। महिला यात्री प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच में फंसती कि वहां ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल सोनीकर ने दौड़कर महिला का हाथ पकड़ा और उसे अपनी ओर खींच लिया। जिससे महिला ट्रेन के नीचे आने से बच गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नही करता है।
जीआरपी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान सिपाही ने महिला को ट्रेन से उतरते समय तत्काल महिला का हाथ पकड़कर उसे अपनी ओर खींचकर सुरक्षित किया। लोगों से अपील है कि चलती हुई ट्रेन से कतई न उतरे, इससे उनकी जान को खतरा हो सकता है।