संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। प्रोजेक्ट नई किरण में रविवार को एक परिवार के बीच गिले शिकवे दूर कराकर आपसी सुलह समझौता कराया गया। पंद्रह मामलों में अग्रिम तिथि देकर पुन: बुलाया गया है।
पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अलग होने की कगार पर खड़े 16 मामलों की रविवार को पुलिस लाइन सभागार में सुनवाई होनी थी, लेकिन 15 मामलों में एक पक्ष ही उपस्थित हुआ, जबकि एक मामले में दोनों पक्ष उपस्थित हुए। नई किरण के सदस्यों ने पति-पत्नी को एक-एक करके सुना। पत्नी ने पति पर ध्यान न रखने, बात न सुनने सहित माता-पिता की बात को ज्यादा मानने की शिकायत की। पति ने पत्नी की छोटी मोटी शिकायतें बताईं। नई किरण के सदस्यों ने दोनों को समझाया और उन्हें शादी का महत्व बताया। उनकी गलत फहमियों को दूर किया।
इसका असर यह हुआ कि दोनों पति पत्नी साथ रहने को राजी हो गए और एक दूसरे को मिठाई खिलाने के बाद खुशी खुशी अपने घर चले गए। इस दौरान प्रोजेक्ट नई किरण के सदस्य अजय बरया, डॉ. जनक किशोरी शर्मा, सुधा कुशवाहा, डॉ. संजीव कुमार शर्मा, डॉ. सुभाष जैन, डॉ. एस.पी.पाठक, अरमान अजीज कुरैशी अधिवक्ता, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक विनीता सारथी, महिला आरक्षी रीना यादव मौजूद रहीं।