ललितपुर। निर्यापक श्रमण मुनि सुधासागर महाराज ससंघ का विहार बृहस्पतिवार को मध्याह्न में सतोदय तीर्थ सीरोन से दैलवारा ग्राम के लिए हुआ। दैलवारा गांव की सीमा पर मुनि संघ की प्रभावना पूर्वक अगुवाई की गई।
सतोदय तीर्थ सीरोन में मुनि सुधासागर महाराज के सानिध्य में सुबह श्रावकों ने गांव के प्राचीन जैन मंदिर में मूलनायक आदिनाथ भगवान की शांतिधारा बृजकिशोर, अवध किशोर जैन परिवार व नरेश मुक्ता परिवार ने की जबकि अतिशय क्षेत्र पर मूलनायक भगवान शांतिनाथ की शांतिधारा का पुर्ण्याजन अंकित जैन किया। मुनि श्री को पड़गाहन एवं आहारदान का पुर्ण्याजन जखौरा समाज के श्रावकों को मिला।
मध्याह्न में मुनि श्री ने भगवान शांतिनाथ के दर्शन के बाद अपने संघस्थ मुनि पूज्य सागर महाराज, ऐलक धैर्यसागर महाराज और क्षुल्लक गंभीर सागर महाराज के साथ पदविहार किया। इसमें प्रमुख रूप से सतोदय तीर्थ सीरोन के पदाधिकारियों के साथ ग्राम दैलवारा समाज के लोग व श्रावक श्राविका चल रहे थे। मुनि श्री पदविहार करते हुए ग्राम दैलवारा पहुंचे जहां ग्रामीण महिलाओं ने मिट्टी के मंगल कलशों के साथ मुनि संघ की अगुवाई की। रंगोली सजाई और पाद प्रक्षालन हुआ। ज्वाला बाबू शिक्षा मंदिर के बच्चे उत्साह पूर्वक नारे लगाते हुए चल रहे थे। इस मौके पर ग्राम प्रधान भुवन कुशवाहा, पूर्व प्रधान भूपेंद्र सिंह बुंदेला, बृजकिशोर मालवीय, गोलू राजा, राजदीप बुंदेला, देवेंद्र बरया, मिंटू जैन, अमित सतभैया, आलोक खजुरिया, पं. जयकुमार जैन, मुकेश जैन के अतिरिक्त सतोदय तीर्थ के अध्यक्ष सतीश जैन बंटी, मनोज जैन, विजय जैन आदि प्रमुख रहे।
मंदिर से लगा मकान किया दान
मुनि श्री ससंघ दिगंबर जैन पुष्पदंत मंदिर पहुंचे जहां समाज के श्रेष्ठीजनों ने पाद प्रक्षालन कर आरती उतारी। इस दौरान स्व. नेमिचंद जैन एवं स्व. कुसुम जैन की स्मृति में डॉ. संजय जैन, राजेश जैन ने मंदिर से लगा हुआ मकान दान में देने की घोषणा की उनके पुण्य की अनुमोदना जैन समाज द्वारा की गई।