ललितपुर। नवीन कृषि उत्पादन मंडी में अव्यवस्थाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। मुख्य मार्ग पर अनाज डाला जाने के कारण यहां जाम की स्थिति बन रही है। इससे अनाज बेचने आए किसानों को परेशान होना पड़ रहा है।
नवीन गल्ला मंडी में जिले की सभी तहसीलों के अलावा मध्य प्रदेश के समीपवर्ती जिलों के किसान भी अपनी उपज बेचने के लिए आते हैं, जिससे मंडी में प्रतिदिन सौ से अधिक किसानों का आना-जाना होता है। किसानों की सुविधा के लिए मंडी में प्रवेश द्वार से दो मुख्य सड़कों का निर्माण है। लेकिन, किसानों की भीड़ अधिक होने के कारण वर्तमान में सड़क पर ही अनाज डाला जा रहा है। सड़क पर बोरियों को भरकर रखा जा रहा है, जिससे एक तरफ की सड़क पूरी तरह से बंद हो गई है। इसी सड़क पर आड़े तिरछे वाहन खड़े होने से सड़क जाम हो जाती है। दूसरी सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने व एक सड़क से ही दोनों ओर के वाहनों के निकलने से उस पर भी जाम लग जाता है।
ऐसे में अधिकांश किसानों को मंडी में आने के लिए घंटों धूप में खड़ा होना पड़ रहा है। आरोप है कि मंडी में किसानों की उपज बेचने के लिए बने नीलामी चबूतरों पर जगह न मिलने से किसान मजबूर होकर व्यापारियों के अनुसार ही सड़क पर अपनी उपज डालने के लिए मजबूर हैं। वहीं, जाम से बचने के लिए अधिकांश वाहन परिसर के अंदर ही खड़े रहते हैं। इस कारण मंडी से निकलना मुश्किल हो जाता है। कई किसानों को मंडी के अंदर खड़े होकर भी व्यापारी की दुकान तक पहुंचने में समय का इंतजार करना पड़ता है। इसके बावजूद भी जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
------------
नालियों में पड़ी गंदगी
गल्ला मंडी में नालियों की सफाई नहीं होने से नालियां पूरी तरह से चोक हो गईं हैं। इनमें बदबू भी आ रही है। कई स्थानों पर कचरा अधिक इकट्ठा होने से भी नालियां नजर नहीं आ रही हैं तो कहीं नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है। किसानों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ट्रैक्टर से अपनी फसल को बेचने के लिए गल्ला मंडी आए थे। जल्दी सुबह घर से निकलने के बाद भी मंडी में आड़े- तिरछे वाहनों के होने से जाम लगा रहा है, जिससे घंटों तक धूप में खड़े रहने के बाद दुकान तक पहुंच सके।
- किसान, छलौने
गल्ला मंडी में आवागमन की सुविधा के लिए दो सड़कें बनी हैं। लेकिन, देखरेख के अभाव में कोई कहीं से भी घुस जाता है। इससे जाम लग रहा है। काफी समय बीतने के बाद सड़क पर पड़ा अनाज उठने के बाद ही निकलने के लिए रास्ता बन पाता है।
- किसान, चिपल कुशवाहा
यातायात पुलिस की ली जा रही मदद
माल सड़क पर न रखा जाए, इसके लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए गए है। जाम न लगे इसलिए यातायात पुलिस की मदद ली जा रही है।
- पुष्पेंद्र कुमार
मंडी सचिव