- बारिश होने पर मंडी नहीं पहुंच सके किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले में बारिश होने से गल्ला मंडी में बृहस्पतिवार को आवक काफी कम रही और गल्ला मंडी में अनाज लेकर पहुंचने वाले किसान पॉलिथीन से ढककर बारिश से बचाव करते नजर आए। वहीं, गल्ला मंडी में बारिश होने से जगह-जगह सड़कों पर जलभराव हो गया।
जनपद में बृहस्पतिवार को खूब बारिश हुई, जिसके चलते गल्ला मंडी में सन्नाटा पसरा रहा। कुछ गिने चुने किसान ही अपना अनाज बेचने के लिए मंडी पहुंचे। गल्ला मंडी में पहुंची ट्रैक्टर ट्रॉलियां पॉलिथीन से ढककर किसान मंडी लाए, ताकि अनाज गीला न हो जाए। वहीं, मंडी में आढ़तियों ने किसानों के अनाज को नीलामी चबूतरों और दुकानों के आगे टिनशेड के नीचे रखकर ढेर लगाकर बोली लगाई। वहीं, गल्ला मंडी में जगह-जगह टिन शेड के पास भी व्यापारियों व किसानों ने पॉलिथीन का इंतजाम किया था, ताकि अनाज बारिश में गीला न हो सके। वहीं, बारिश से मंडी में कई जगह सड़कों के गड्ढे व कुछ सड़कों पर पानी भर गया, जिससे किसानों व व्यापारियों को वाहन निकालने में परेशानी हुई। दोपहर में लगभग दो बजे फिर से बारिश होने पर किसान व व्यापारी टिन शेड के नीचे जाकर बारिश से बचते रहे।