जिले में गेहूं क्रय केंद्र खोलने के साथ मोबाइल क्रय केंद्र खोलने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में गेहूं क्रय केंद्र खोलने की प्रकिया चल रही है। अभी तक 32 क्रय केंद्र तय हो चुके हैं। इसके साथ ही शासन की ओर से किसान को घर बैठे सरकारी रेट पर गेहूं बेचने के लिए मोबाइल केंद्र भी खोले जाएंगे। पिछले वर्ष भी जनपद में दो मोबाइल केंद्र खोले गए थे।
जनपद में इस बार 17 मार्च से गेहूं खरीद होनी है। इसकी तैयार चल रही है। बीते दिनों बैठक के दौरान आलाधिकारियों द्वारा शासन की मंशानुसार जिले में भी मोबाइल क्रय केंद्र खोले जाने को लेकर चर्चा की गई। माना जा रहा है कि इस बार जनपद में दो से अधिक मोबाइल खरीद केंद्र खोले जा सकते हैं। इसके लिए अलग से कांटा, स्टाफ और बारदाना, पॉस मशीन तैयार रखी जाएगी ताकि मोबाइल क्रय केंद्र खुलने पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर घर-घर जाकर लाभ पहुंचाया जा सके।
160 रुपये बढ़ा न्यूनतम समर्थन मूल्य
इस बार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये बढ़कर 2585 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। पिछले वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था। इससे किसान घर बैठे ही समर्थन मूल्य पर गेहूं मोबाइल क्रय केंद्र पर बेच सकेंगे और सरकारी खरीद भी एक अप्रैल से शुरू की गई थी। हालांकि, अभी खेतों में गेहूं की फसल तैयार नहीं है। फिर भी 17 मार्च से क्रय केंद्र खोले जाएंगे।
किसान कराएं पंजीकरण
डिप्टी आरएमओ चामुंडा प्रसाद पांडेय ने बताया कि गेहूं की सरकारी खरीद के लिए जिले में 17 मार्च से 32 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। अभी मोबाइल क्रय केंद्र नहीं खोले गए हैं लेकिन आगे खोले जा सकते हैं। इससे किसानों से उनके घर पर ही गेहूं की खरीद की जा सकेगी। किसान अधिक से अधिक पंजीकरण कराएं।