अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ ने कहा कि सरकार विरासत संरक्षण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
जनपद में स्थित पुरासंपदाओं, विरासत को संरक्षित करने के लिए निरंतर परियोजनाओं के क्रियान्वयन की दिशा में ऐतिहासिक किलों, पुरातत्विक मंदिरों और स्थलों के लिए ललितपुर और महरौनी विधानसभा क्षेत्रों में 26.40 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।
वह इंटैक ललितपुर चैप्टर के तत्वावधान में कला भवन में आयोजित विश्व विरासत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि चित्रकार ओमप्रकाश बिरथरे कला शिविर के माध्यम से बुंदेली लोक परंपराओं एवं विरासत से संबंधित कला चित्रों को सहेजने का अच्छा कार्य कर रहे हैं। इंटैक ललितपुर चैप्टर संयोजक संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि इंटैक अपने स्थापना काल से ही विरासत संरक्षण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
कलाविद् ओमप्रकाश बिरथरे ने कहा कि वह कला शिविर में बुंदेली विरासत, संस्कृति, तीज त्योहार पर बनाए जाने वाले चित्रों के साथ-साथ अपनी संस्कृति को जानने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मौके पर इंटैक ललितपुर चैप्टर के सहसंयोजक रजनीश, विनोद त्रिपाठी, राजा भैया, कृपाशंकर चौधरी आदि ने विरासत संरक्षण के प्रति अपने विचार व्यक्त किए।