शिक्षा समिति की जमीन पर कब्जा
एसडीएम ने दिए कार्रवाई के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम बरौदा स्वामी में संत स्वामी ब्रह्मानंद शिक्षा समिति की जमीन पर एसडीएम न्यायालय के आदेश पर बंटवारा, नक्शाबंदी व रंग भरने के बाद भी विपक्षियों पर तार बाड़ी उखाड़कर कब्जा करने के आरोप लगाए गए हैं। इसकी शिकायत पर एसडीएम ने कब्जा हटवाने के निर्देश थानाध्यक्ष को दिए हैं।
संत स्वामी ब्रह्मानंद शिक्षा समिति के जखौरा अध्यक्ष, हाल पिसनारी निवासी दुर्गा प्रसाद व प्रबंधक ज्योति सिंह लोधी ने एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि शिक्षा समिति के नाम से ग्राम बरौदा स्वामी में 6.16 एकड़ का आधा रकबा 3.08 का न्यायालय में मुकदमा चला, जिसमें न्यायालय द्वारा 15 अप्रैल 2017 को आदेश पारित कर जमीन में रंग भरवाकर, विधिवत नाप कराकर तारबाड़ी और चीराबंदी की गई थी।
शिक्षा समिति को लाल रंग, पार सिंह को पीला एवं जगदीश को नीला रंग भरा गया था। आरोप है कि 25 अगस्त को गांव के कुछ लोगों ने चीराबंदी व तारबाड़ी को उखाड़ दिया। शिक्षा समिति के पदाधिकारी व अध्यक्ष ने विरोध किया तो आरोपियों ने धमकी दी। इस पर समिति अध्यक्ष ने एसडीएम से कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने थानाध्यक्ष जखौरा को मामले का निराकरण कराने के निर्देश दिए और बिना आदेश के कब्जा करते पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। बता दें कि ज्योति सिंह लोधी समाजवादी पार्टी की जिलाध्यक्ष हैं।
-----------
मामला सामने आने पर काम रुकवा दिया गया है। इस संबंध में तहसीलदार को अवगत कराया गया है। मंगलवार को लेखपाल और कानूनगो जमीन की नापजोख करेंगे।
- महेश कुमार, थानाध्यक्ष जखौरा