भूमि पूजन करते राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ व डीएम
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। विकासखंड महरौनी के ग्राम सौजना में गोवंश संरक्षण केन्द्र (गोवंश विहार) के निर्माण के लिए रविवार को भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन व पूजन जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार की अध्यक्षता एवं राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन विभाग, मनोहर लाल पंथ की उपस्थिति में किया गया। गोवंश विहार 1.20 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। यहां पर चार शेड, छह चरही का निर्माण कराया जा रहा है, साथ ही आश्रय स्थल के चारों ओर सुरक्षा खाई खोदकर तारबंदी कराई गई है।
इस मौके पर कार्यक्रम में समाजसेवी सुनील वैद्य ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि इस क्षेत्र की दो गंभीर समस्याएं पानी की कमी एवं विद्युत आपूर्ति हैं और यह दोनों समस्याएं सीधे किसान से संबंधित हैं, इनकी ओर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सोजना क्षेत्र में चकबंदी का कार्य लंबित है, जिसकी आड़ में गरीबों का शोषण होता है। कहा कि ललितपुर की गोशालाओं/गोवंश विहार के निर्माण की गुुणवत्ता पर सभी ग्रामवासी ध्यान दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामवासियों को इस कार्य की गुणवत्ता की निगरानी करनी है और हमें अवगत कराना है। बताया गया कि इस गोवंश विहार को भी कल्याणपुरा गोवंश आश्रय स्थल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। राज्यमंत्री ने बताया कि 16 एकड़ भूमि पर यह गोशाला बनाई जा रही है, अभी बाड़ बंदी की गई है। यहां पर भविष्य में भूसा गोदाम एवं गोचर चारागाह विकसित किया जाना है, साथ ही यहां पर चरही एवं शेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जब यह आश्रय स्थल पूरी तरह विकसित हो जाएगा तो यहां पर आसपास के ग्रामों के अन्ना गोवंशों को रखा जाएगा, जिससे खेतों में अन्ना गोवंश के कारण होने वाले नुकसान में कमी आएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, उप जिलाधिकारी महरौनी मो. कमर, खंड विकास अधिकारी महरौनी सुनील कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके शाक्य, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत महरौनी मधुसूदन जायसवाल, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय, रामसेवक गुप्ता आदि उपस्थित रहे।