ललितपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा नजदीक आ गई है। जिसके चलते छात्रों की धड़कने बढ़ने लगी हैं। 18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा में अच्छे नंबर लाने के लिए छात्र-छात्राएं तैयारियों में जुटे हुए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि रिवीजन से ही अच्छे नंबर आएंगे।
इंटरमीडिएट और हाईस्कूल की परीक्षा शुरू होने में मात्र पांच दिन शेष रह गए हैं। विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। स्कूल के अलावा घर पर भी वह रोजाना छह घंटे से भी ज्यादा पढ़ाई कर विषयों को दोहराने का काम कर रहे हैं। परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए विद्यार्थी मेहनत करने में जुटे हैं।
गणित और विज्ञान विषय में बेहतर अंक आ सकें, इसके लिए लगातार शिक्षकों से संपर्क कर रहे हैं। हाईस्कूल के परीक्षार्थी जहां गणित और विज्ञान की तैयारी ज्यादा कर रहे हैं, वहीं इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित/ जीव विज्ञान की तैयार करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
कोर्स पूरा हो चुका है, लेकिन हम अपनी बोर्ड की परीक्षा की तैयारी बहुत दिन पहले से कर रहे हैं। नियमित लगभग आठ घंटे की पढ़ाई घर पर कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर शिक्षकों की मदद ली जा रही है। समय-समय पर शिक्षकों का पूरा सहयोग मिल रहा है।
- रानू श्रीवास
बोर्ड परीक्षा की तैयारी चल रही है। परीक्षा में आने वाले प्रश्नों पर विशेष ध्यान देते हुए पढ़ाई की जा रही है। 100 प्रतिशत कोर्स पूरा हो चुका है। पढ़ाई नियमित कर रहे हैं, जिससे की बाद में पेपर के दिनों में अतिरिक्त बोझ न पड़े।
- सचिन कुमार
ट्यूशन के अलावा घर पर भी रोज छह घंटे से ज्यादा पढ़ाई कर रही हूं। विद्यालय के शिक्षकों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। कोर्स भी ज्यादातर तैयार हो चुका है। कालेज में टेस्ट पेपर भी हो चुका है। बोर्ड परीक्षा की तैयारी में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना है।
- मविया कौशर
बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही हूं, विद्यालय का विषयवार पाठ्य पुस्तकों का कोर्स पूरा हो चुका है। घर पर लगभग छह से सात घंटे पढ़ाई कर रही हूं। सभी विषयों का कोर्स पूरा हो चुका हैं। अब केवल रिवीजन चल रहा है। यह लक्ष्य पहले से बना लिया था, जिससे परीक्षा नजदीक आते ही सारे कोर्स को दोहरा लिए जाएं।
- नैनसी रजक
---------------------