ललितपुर। नगर में नवरात्र की धूम मची है। मंदिरों में देवी पूजन को
श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। हर ओर देवी मां की भक्ति
से नगर धर्ममय हो गया है। सुबह-शाम श्रद्धालु मंदिरों व देवी पंडालों में
आरती को पहुंच रहे हैं। मुहल्ला सरदारपुरा में मचान बनाकर स्थापित की गई
देवी प्रतिमा नगर में आकर्षण का केंद्र बनी है।
शहर के मुहल्ला
सरदारपुरा में डा. शादीलाल वाली गली में मचान बनाकर स्थापित की गई देवी
प्रतिमा लोगों में आकर्षण का केंद्र है। यह गली काफी संकरी और आवागमन अधिक
होने के कारण यहां की दुर्गा समिति के सदस्यों ने रास्ता निकाला। देवी
प्रतिमा प्रति वर्ष स्थापित होती है, जिससे नौ दिन तक लोगों को आने जाने
काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए बांस व
बल्लियों की मदद से एक मंजिला मचान की स्थापना की गई।
मचान पर देवी प्रतिमा
स्थापना की गई, जो नगर में आकर्षण बनी है। मचान पर देवी प्रतिमा स्थापित
होने से जहां श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत नहीं हो रही है, वहीं राहगीरों व
मुहल्लेवासियों को कोई दिक्कत नहीं हो रही। यहां सुबह व शाम देेवी मां का
पूजन व आरती पूर्ण श्रद्धा व भक्ति के साथ की जा रही है। शनिवार को भी यहां
श्रद्धापूर्वक भजन-कीर्तन व आरती का आयोजन किया गया। इस मौके पर गिरीश
पाठक, संदीप पाठक, हीरू पाठक, दिघू पाठक, श्रेष्ठ पाठक, टीकू सैनी, कल्लू
सेन, लखन सेन, अज्जू दुबे, अविनाश कुशवाहा, पंकज तिवारी, विक्की, रुचि दुबे
समेत कई मुहल्लेवासी शामिल रहे।
वहीं, शहर में नई बस्ती क्षेत्र में
पुरानी पुलिस चौकी के पास देवी पंडाल में स्थापित प्रतिमा और अन्य दर्जनों
स्थानों पर भी देवी प्रतिमाओं पर श्रद्धा, उत्साह व भक्ति के साथ पूर्ण
विधिविधान के साथ पूजन अर्चन व आरती का आयोजन हो रहा है। अनेक स्थानों पर
रात्रि जागरण करते हुए श्रद्घालुओं द्वारा भजन कीर्तन का आयोजन भी किया जा
रहा है। शहर के प्राचीन व प्रसिद्घ आस्था का केंद्र श्रीललितेश्वरी माता
मंदिर में शनिवार को नवरात्र के चौथे दिन महिला व पुरुष देेवी मां की
आराधना व पूजन अर्चन को सुबह से जल चढ़ाने को पहुंचे। यहां सुबह चार बजे से
आस्था का नजारा देखने का मिलता है। इसी प्रकार रोजाना शाम होते ही
श्रद्घालु देवी भक्ति को पहुंच रहे हैं।
मुहल्ला तालाबपुरा स्थित श्री
छोटी देवी मंदिर, चौबयाना स्थित श्री काली बऊआ मंदिर, श्री रावर मंदिर व
श्री चंडीमाता मंदिरों में देवी भक्त मां के दर्शनार्थ पहुंच रहे हैं। हर
ओर मंदिरों व देवी पंडालों में सुबह- शाम देवी भक्ति से पूरा नगर धर्ममय हो
गया है।