संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जंगल में महुआ बीनने जा रहे एक किसान पर विगत दिवस भालू ने हमला कर दिया था। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी गौतम सिंह ने इसकी प्रकरण की जांच के लिए उपप्रभागीय निदेशक सामाजिक वानकी सिरीन सिद्दकी को मौके पर भेजा है। वन विभाग आसपास के इलाकों में जागरुकता अभियान चला रहा है।
उपप्रभागीय निदेशक ने जंगल का भ्रमण कर भालुओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्हें कहीं भी आबादी वाले इलाकों की ओर भालू के पगचिह्न दिखाई नहीं दिए। इसके साथ लखंज्जर, गिरार, सौंरई, मड़ावरा के जंगलों के आसपास वाले गांवों में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि कभी भी घने जंगल में जाएं तो चार से पांच लोगों के समूह में जाएं। जंगली जानवर दिखाई देने पर उनके ऊपर हमलावर न हों, नहीं तो वह भी हमला कर सकते हैं। सभी लोग अपने लिए सुरक्षित स्थान तलाश कर लें। उन्होंने ग्रामीण को समझाया कि जंगल जानवरों का प्राकृतिक आवास है। उनके इलाके में दखल अंदाजी न करें। अगर आबादी वाले इलाकों की तरफ कोई जानवर आता दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल वन अधिकारियों को दें।