सर्दी, खांसी व बुखार के मरीजों को दवाई की किट उपलब्ध कराएं
ललितपुर। कोविड-19 कोर कमेटी की बैठक में मंगलवार को जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने निर्देश दिए कि सर्दी, खांसी व बुखार के मरीजों को दवाई की किट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कोविड के परिणामों की समीक्षा भी की।
कलक्ट्रेट पार्क में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जांचों की संख्या कम आ रही है, इसमें वृद्धि करें। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी लोग टीका लगवाने से कतरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीकाकरण ही हमारा सुरक्षा कवच है, इसलिए इस कार्य को चुनौतीपूर्ण तरीके से शत- प्रतिशत करना सुनिश्चित करें। सर्विलांस कार्य में घर-घर जाकर सर्दी, खांसी एवं बुखार के मरीजों की सूची तैयार करें और सभी मरीजों को तत्काल दवाई की किट उपलब्ध कराएं। लोगों को टीकाकरण के प्रति प्रोत्साहित करें।
एल-1 एवं एल-2 अस्पतालों में मरीजों को नियमित रूप से मॉनिटर किया जा रहा है, उन्हें समय पर भोजन, पानी व दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अस्पतालों में ऑक्सीजन व दवाओं की कोई कमी नहीं है। निर्देश दिए कि दवा की मांग करने वाले मरीजों के घर पर ही दवा की किट उपलब्ध कराई जाए। किट के भीतर दवा के उपयोग का पर्चा भी रखा जाए।
बताया गया कि चौबीस घंटे में जनपद में 29 वाहनों के चालान किए गए, जिनसे बीस हजार रुपये की धनराशि वसूली गई। मास्क न पहनने पर 86 व्यक्तियों के चालान किए, जिनसे 17 हजार रुपये की धनराशि एवं दोपहिया वाहनों पर एक सवारी से अधिक बैठाए जाने पर 15 व्यक्तियों का चालान कर उनसे 6250 रुपये की धनराशि वसूल की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे लवकुश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रजनीश राय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. डीके गर्ग डा. जेएस बख्शी, डा. राजेश भारती आदि उपस्थित रहे।