संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर घायल हो गया।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम मुहारा निवासी दीक्षा (22) पुत्री प्रमोद कौशल विकास योजना में पांच-छह माह से पढ़ाती थी। बृहस्पतिवार सुबह दीक्षा अपने साथी अनिरुद्ध (24) निवासी ग्राम दावनी के साथ स्कूटी से जखौरा की ओर जा रही थी। वे लोग ग्राम सिरसी के पास पहुंचे थे कि ट्रैक्टर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। दीक्षा व अनिरुद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कस्बा जखौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने दीक्षा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनिरुद्ध को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। मृतका दीक्षा दो भाईयों की इकलौती बहन थी। थाना जखौरा प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।